कांग्रेसी नेता दीपेंद्र सिंह ढिल्लों
- फोटो : अमर उजाला
उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पिछले चार साल से डेराबस्सी हलके के विकास के लिए गई घोषणाएं की, लेकिन वह आज तक पूरी नहीं हो पाईं। यह कहना है वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दीपेंद्र सिंह ढिल्लों का। उन्होंने शुक्रवार प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि वर्ष 2012 से लेकर आजतक सुखबीर बादल कई बार जीरकपुर, डेराबस्सी व लालड़ू का दौरा करके कई घोषणाएं कर चुके हैं।
उन्होंने कहा यह केवल जनता को गुमराह कर रहे हैं। ढिल्लों ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल ने 18 दिसंबर 2012 को डेराबस्सी व जीरकपुर को अर्बन सेटेलाइट सिटी बनाए जाने, इसी दिन नाभा साहिब में इंटरनेशनल खेल स्टेडियम का निर्माण करने का एलान किया। इसके अलावा भी उन्होंने कई घोषणाएं की, लेकिन वह पूरी नहीं हुईं। वहीं, ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र में करीब 80 किलोमीटर लंबी नई सड़कों का निर्माण किया गया था। जिक्रयोग है कि डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने वीरवार को जीरकपुर में सड़कों का जायजा लिया था। इस दौरान अगले चार महीनों में 100 करोड़ रुपये जीरकपुर के विकास कार्यों पर खर्च करने का एलान किया था। इस मौके पर रणजीत सिंह गाजीपुर, अमित बंसल और बुधराम धीमान मौजूद रहे।