डीएसपी हेडक्वार्टर बोले- मामले की जांच हो रही, जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
लालड़ू। गांव बल्लोपुर में ढाई वर्षीय मासूम गुरसांझ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के 72 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। पुलिस के हाथ खाली होने से पीड़ित परिवार में गहरा रोष है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक मासूम के शव का पोस्टमार्टम करवाने से इन्कार कर रहे हैं। परिजनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मासूम की मौत के जिम्मेदार व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। डीएसपी हेडक्वार्टर वरिंदर सिंह खोसा ने गांव बल्लोपुर पहुंचकर मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि पुलिस की विभिन्न टीमें मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इन संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। खोसा ने दावा किया कि पुलिस ने मामले को काफी हद तक ट्रेस कर लिया है। उन्होंने जल्द ही इसका खुलासा करने की बात कही। कत्ल संबंधी पूरी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएगी।
परिजनों का कड़ा रुख
मृतक मासूम के परिजनों ने पुलिस अधिकारियों के आग्रह पर आरोपियों का सुराग लगाने के लिए कुछ और समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस निर्धारित समय में आरोपी को गिरफ्तार करने में नाकाम रहती है। तो वे कड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। मासूम की मौत के बाद से पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए रिश्तेदार लगातार पहुंच रहे हैं। आसपास के गांवों के लोग भी परिवार के साथ खड़े हैं। परिजन अपने मासूम बच्चे को इन्साफ दिलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।