पटियाला सड़क पर छत बस अड्डे और पंचकूला बैरियर के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति घायल हो गया। इन हादसों में एक कार और एक ट्रक क्षतिग्रस्त हुए हैं। किसी भी हादसे में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। पहला हादसा पटियाला सड़क पर छत बस अड्डे के पास शाम करीब छह बजे हुआ। पटियाला निवासी राज किशोर गुप्ता अपनी सफेद डिजायर गाड़ी से जीरकपुर से पटियाला जा रहे थे। छत चौराहे और पीर बाबा दरगाह पार करने के बाद उनकी गाड़ी का नियंत्रण बिगड़ गया। गाड़ी सड़क किनारे पेड़ों से टकराकर पलट गई।
राज किशोर गुप्ता को हल्की चोटें आईं और वे इलाज के लिए परिजनों के साथ पटियाला चले गए। एसएसएफ टीम कार मालिक से संपर्क कर गाड़ी को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है। दूसरा हादसा ढकोली क्षेत्र में पंचकूला बैरियर के पास हुआ। एक ट्रक पंचकूला से ढकोली की ओर सामान लादने जा रहा था। चालक निशु कुमार ने बताया कि मोबाइल पर स्थान लगाने के लिए ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया गया। ट्रक सड़क किनारे बनी नाली पर चढ़ गया और उसके वजन से ढक्कन टूट गया। ट्रक नाली में फंस गया है और उसे निकालने के लिए क्रेन का इंतजार किया जा रहा है।