मोहाली। ट्राइसिटी में लगातार तीसरे दिन भी कोरोना संक्रमित एक मरीज के मौत की पुष्टि हुई। वहीं 408 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। चंडीगढ़ में सर्वाधिक 156, मोहाली में 134 और पंचकूला में 118 संक्रमित मिले हैं।
चिंता की बात यह है कि दूसरे दिन भी मलोया से ही एक संक्रमित मरीज ने दम तोड़ा है। 41 साल के पुरुष को गंभीर स्थिति में जीएमएसएच-16 लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद हुई जांच में उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। उसने कोरोना टीके की सभी खुराक लगवा रखी थीं।
जिले में वीरवार को 89 मरीज ठीक हुए। इसके साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 734 तक पहुंच गई। वीरवार को 1283 लोगों के सैंपल लिए गए। इसमें से 736 सैंपल सरकारी व 547 निजी अस्पतालों से लिए गए। सक्रिय मरीजों की बात करें तो 38 ग्रामीण और शेष शहरी इलाके से संबंधित है। वहीं लेवल-2 के तीन मरीज शुक्रवार को सरकारी अस्पताल में भर्ती हुए। जिले में अब तक 98709 लोगों को कोरोना हो चुका है। वहीं अब तक मोहाली में 1159 लोगों की महामारी से मौत हो चुकी है।