मोहाली। सेक्टर-70 में मराज होटल के सामने पार्किंग में खड़ी कार से टैक्सी चालक का संदिग्ध हालत में शव बरामद हुआ है। किसी राहगीर ने पुलिस कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना सुबह 7 बजे दी थी। मटौर थाने के एएसआई लखबीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान रविंदर कुमार सेठी निवासी फरीदकोट के रूप में हुई है। वह मोहाली में टैक्सी चलाता था। शव का सिविल अस्पताल फेज-6 में पोस्टमार्टम करवाकर फरीदकोट से आए उसके भाई को सौंप दिया है। एएसआई लखवीर ने बताया कि रविंदर कुमार के परिजनों के बयान पर मामले में 174 की कार्रवाई की गई है।
जांच अधिकारी के अनुसार सुबह 7 बजे उन्हें मराज होटल की पार्किंग में स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में शव होने की सूचना मिली थी, जो कि अंदर से लॉक थी और शव ड्राइवर सीट पर था। पुलिस को कार खोलने के लिए साइड का शीशा तोड़ना पड़ा। लॉक खोलने के बाद जब युवक की जांच की तो वह मृत मिला। पुलिस उसे सिविल अस्पताल ले गई जहां उसका पोस्टमार्टम करवाया गया। उसकी नेम प्लेट से उसके नाम की पहचान हुई और उसके बाद उसकी कंपनी में फोन कर उसके परिवार को फोन पर उसकी मौत की सूचना दी गई। जांच अधिकारी के अनुसार कार से शराब की खाली बोतल बरामद हुई है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि शराब के अधिक सेवन करने से उसकी मौत हुई होगी।