मोहाली। डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने सोमवार को हाल ही में व्यापारियों और दुकानदारों के साथ हुई बैठकों में उठाई गई शिकायतों के निपटारे की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनकी अद्यतन स्थिति समय पर पोर्टल पर अपलोड की जाए।बैठक के दौरान हलका-वार शिकायतों की समीक्षा करते हुए डीसी ने कहा कि विभागों द्वारा किए गए निपटारों की ट्रेडर्स कमीशन द्वारा गहन जांच की गई है, जिसमें कुछ मामलों को दोबारा विचार के लिए वापस भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत को निपटाया गया दर्ज करने से पहले शिकायतकर्ता की लिखित सहमति लेना अनिवार्य किया जाए।
डीसी कोमल मित्तल ने निर्देश दिए कि केवल उन्हीं शिकायतों को निपटाया हुआ दिखाया जाए, जिनमें शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। जिन मामलों में आंशिक समाधान हुआ है, उन्हें “इन-प्रोग्रेस” श्रेणी में रखा जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने बताया कि सभी विभागों को अलग-अलग लॉगइन आईडी दी गई हैं। यदि किसी विभाग को किसी अन्य विभाग से संबंधित शिकायत मिलती है, तो उसे तुरंत संबंधित विभाग को भेजा जाए। उन्होंने समयबद्ध निपटारे पर जोर देते हुए कहा कि इससे व्यापार करने में आसानी को बढ़ावा मिलेगा। डीसी ने कहा कि कई शिकायतें ऐसी होती हैं, जिन्हें स्थानीय स्तर पर ही बिना अधिक खर्च के हल किया जा सकता है, जैसे सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव और पीसीआर वाहनों की गश्त बढ़ाना।
बैठक में नगर निगम के कमिश्नर संदीप सिंह गाढ़ा, ज्वाइंट कमिश्नर जसजीत सिंह, एडीसी डॉ. अंकिता कांसल, जिला ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन रणजीत पाल सिंह, वाइस चेयरमैन तरलोचन सिंह बैदवान तथा विधानसभा स्तर के चेयरमैन अकविंदर सिंह गोसल और यशवंत बांसल भी उपस्थित रहे।