मोहाली। शादी के सीजन की शुरुआत के साथ ही गैस सिलिंडरों की कर्मी ने कैटरिंग व्यवसाय और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की सीमित आपूर्ति के कारण शादी समारोहों में खानपान की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे लोगों को अपने कार्यक्रमों में कटौती करनी पड़ रही है।
कैटरिंग कारोबारी गुरमीत सिंह वालिया ने बताया कि पहले एक शादी में 20 से 25 गैस सिलिंडर आसानी से उपलब्ध हो जाते थे, लेकिन अब केवल 2 से 3 सिलिंडर ही मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजबूरी में अब डीजल भट्ठियों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जिससे खर्च भी बढ़ रहा है और काम में भी परेशानी आ रही है।
कैटरिंग कारोबारी मोहित मनोचा ने बताया कि आजकल शादियों में लाइव फूड काउंटर की बढ़ती मांग को पूरा करना मुश्किल हो गया है, जिसके चलते मैन्यू सीमित करना पड़ रहा है और कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। गैस की किल्लत के चलते यह दिक्कत हो रही है।