मामूपुर गांव के पास 8-9 युवकों ने रोका रास्ता, पुलिस ने दर्ज किया मामला
मोहाली। मामूपुर गांव के पास 4 नवंबर को 8-9 अज्ञात युवकों ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के छात्र राहुल और उसके दोस्त लक्ष्य के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन, घड़ियां और सोने की चेन छीन ली। दोनों यूनिवर्सिटी में आयोजित समारोह में जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर बदसलूकी की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ितों के शोर मचाने पर आरोपी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए फरार हो गए। हालांकि, पीड़ितों ने आरोपियों के वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया। सदर खरड़ थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 115(2), 304, 126(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।