त्रिस्तरीय सुरक्षा से गुजरकर स्टेडियम में दाखिल हुए दर्शक, कई रास्ते बंद रहने से लोगों को आने-जाने में हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। पीसीए स्टेडियम में शुक्रवार को हुए पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच को देखने के लिए दूर-दूर से भारी संख्या में दर्शक पहुंचे। स्टेडियम तक पहुंचने के लिए लोगों को त्रिस्तरीय सुरक्षा से होकर गुजरना पड़ा। पुलिस ने विभिन्न पार्किंग के प्रबंध किए थे। वहीं हॉकी स्टेडियम में वीआईपी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।
स्टेडियम की तरफ जाने वाले रास्ते में टी शर्ट्स, टोपी, झंडे, पानी की बोतले, खाने की चीजें, मुंह पर लगाने के लिए रंग, भोंपू आदि चीजें मिल रही थीं। इनकी की कीमत 20 से लेकर 200 रुपये थी। इन्हें बेचने वाले उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र से यहां आए थे। स्टेडियम के सभी आठ गेटों पर एंट्री के लिए लोगों की भारी भीड़ थी। इस दौरान रास्ते बंद होने से लोगों को परेशानी पेश आई।
प्रदर्शनकारियों को लेकर रहे चाक चौबंद इंतजाम
सोशल मीडिया में वायरल एक वीडियो में कुछ निहंग युवकों ने आईपीएल मैच का विरोध करने की एलान किया था, लेकिन प्रशासन से बैठक के बाद उन्होंने यह फैसला वापस ले लिया था। इसके बाद भी एहतियात के तौर पर पुलिस ने फेज-7 की लाइट्स पर बैरिकेड्स लगाकर सुरक्षा के इंतजाम किए हुए थे, लेकिन आवाजाही के लिए रास्ता खुला रखा था। इतना ही नहीं टिप्पर भी लगाए हुए थे ताकि किसी भी तरह की कोई परेशानी पेश न आए।