जीरकपुर। अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालात का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। संभावित सप्लाई बाधित होने की आशंका से घबराए लोगों की वीरवार को जीरकपुर इंडेन गैस एजेंसी में अचानक भीड़ लग गई। नगला रोड स्थित एजेंसी के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग गई और बड़ी संख्या में उपभोक्ता अपने सिलिंडर की बुकिंग करवाने के लिए पहुंचने लगे। एजेंसी का दफ्तर सुबह 9 बजे खुलता है, लेकिन लोग सुबह करीब 8 बजे से ही दफ्तर के बाहर इकट्ठा होना शुरू हो गए थे।
जैसे-जैसे लोगों की भीड़ बढ़ती गई, वैसे-वैसे अन्य उपभोक्ताओं में भी यह आशंका पैदा होने लगी कि कहीं गैस सिलिंडर खत्म न हो जाए। इस अफरा-तफरी के बीच एजेंसी कर्मचारियों को भी अचानक बढ़ी बुकिंग के कारण काफी दबाव का सामना करना पड़ा। गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को भरोसा दिलाया कि घरेलू गैस सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है। सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके बावजूद कई ऐसे उपभोक्ता भी बुकिंग करवाने पहुंचे, जिनके घर में पहले से एक अतिरिक्त सिलिंडर मौजूद था। स्थानीय निवासियों सतपाल, सौरभ कुमार, इंद्रजीत सिंह, जसवंत सिंह, उषा का कहना है कि उनके पास घर में गैस सिलिंडर खत्म होने के कारण वह दो दिन से इंडेन गैस कंपनी के नंबर पर फोन करके अपना सिलिंडर बुक करवाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उनके सिलिंडर की बुकिंग नहीं हो रही है। इस कारण दो दिन से परेशान होकर उन्हें एजेंसी के कार्यालय में आकर अपना सिलिंडर बुक करवाना पड़ा।
अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच शुरू हुए युद्ध की खबरों से लोगों में गैस की किल्लत को लेकर डर पैदा हो गया है। इसी वजह से अचानक बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने गैस सिलिंडर की बुकिंग करवा दी है। इससे हमारे सभी स्लॉट भर गए। जिनकी बुकिंग नहीं हो सकी, वे दफ्तर आकर बुकिंग करवाने में जुट गए। -स्वर्णजीत सिंह, मैनेजर, जीरकपुर इंडेन गैस एजेंसी, जीरकपुर