एनआरआई जसकरन सिंह की हत्या के मामले में कनाडा में रह रही आरोपी पत्नी पवनदीप कौर उर्फ पैम को भारत लाने की तैयारी में पुलिस जुट गई है। पुलिस ने इस संबंध में जिला अदालत से वारंट लेने के लिए आवेदन कर दिया है। वहीं, कनाडा पुलिस ने भी मोहाली पुलिस से संपर्क किया है। साथ ही कनाडा में रह रही पनवदीप के हत्या में शामिल होने के संबंध में जरूरी दस्तावेज मांगें हैं।
पुलिस सूत्रों से पता चला है कि पवनदीप की बहनों ने कनाडा पुलिस के पास एक अर्जी दायर की है। इसमें कहा गया कि उसकी बहन को गलत तरीके से फंसाया गया है। इसके बाद कनाडा की पुलिस ने हरकत में आकर इंडिया की पुलिस से संपर्क किया है। हत्या के संबंध में दस्तावेज भेजने के लिए कहा है। जिक्रयोग है कि परमजीत कौर कनाडा में रहती है। उसकी पांच बहनें भी वहीं रहती हैं। पवनदीप कौर के जसकरन की हत्या में शामिल होने की सूचना मिलते ही उन्होंने आगे कार्रवाई शुरू की। थाना सदर खरड़ के एसएचओ मनजीत सिंह ने कहा पवनदीप कौर से जुड़े सभी दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही उन्हें कनाडा पुलिस को भेज दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पवनदीप कौर को भारत लाने के लिए उसके वारंट लेने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही रेड कार्नर नोटिस जारी किया जाएगा।
परिवार वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित
दूसरी तरफ मृतक के परिवार वाले जसकरन के बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। परिवार वालों ने कहा कि वह मां के साथ कनाडा में हैं। जसकरन के पिता धर्म सिंह ने कहा कि वह चाहते हैं कि बच्चे किसी तरह भारत आ जाएं। उन्हें हर समय उनकी सुरक्षा की चिंता सता रही।