चंडीगढ़-अंबाला मुख्यमार्ग पर एक युवती से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सोहत नारंग निवासी स्काइनेट टावर, लोहगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि शनिवार दोपहर एक्टिवा से जीरकपुर आई थी। अंबाला-चंडीगढ़ रोड स्थित हलका विधायक एनके शर्मा के ऑफिस के पास एक युवक पैदल जा रहा था। युवती ने बताया कि उसने युवक को साइड होने के लिए कई बार हार्न बजाया। इसके बाद भी युवक ने साइड में नहीं हुआ। वहीं, तेज हार्न की लगातार आवाज से युवक हताश हो गया और युवती से उसकी तकरार हो गई। शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि आरोपी युवक ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद पुलिस ने युवती की शिकायत पर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी युवक को जमानत मिल गई।