मोहाली के गांव-चो माजरा निवासी जगदीप सिंह जग्गू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में अब राजनीति शुरू हो गई है। पहले आप नेता उसकी श्रद्धांजलि समारोह में पहुंचे, इसके बाद जग्गू को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस भी उतर आई है। इस संबंध में विधायक ने शनिवार को गवर्नर कप्तान सिंह सोलंकी को पत्र लिखा है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग की है। विधायक ने पत्र की कापियां पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के अलावा सीएम प्रकाश सिंह बादल व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल को भी भेजी है।
पत्र में विधायक ने लिखा है कि सेक्टर-66 के पार्क में जग्गू की लाश पेड़ से लटकती हुई मिली है। इस मामले में पुलिस की भूमिका संदेह के घेरे में है। एक तो उस जगह रोजाना काफी लोग सैर करते हैं। वहीं, पुलिस थाना भी बिल्कुल पास है। लेकिन किसी भी व्यक्ति ने जग्गू को वहां घूमते नहीं देखा। वहीं, जग्गू के पेरेंट्स आर्थिक रूप से कमजोर हैं, ऐसे में उन पर दबाव बनया जा सकता है। जांच को भी प्रभावित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह मामला अति गंभीर है। अत: इस मामले की जांच रिटायर जज, दूसरे राज्य की जांच एजेंसी या रिटायर जज से करवाई जाए। क्योंकि मामले में पुलिस जांच को दबाने की कोशिश कर सकती है। इसलिए इस मामले में उचित कार्रवाई की जाए। वहीं, उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो कांग्रेस संघर्ष करेगी।
अस्थियां लेकर किया था थाने का घेराव
कुछ दिन पहले जग्गू अपने घर से उस टैक्सी मालिक के पास गया था, जिससे उसे अपनी पेमेंट लेनी थी। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुुंचा। घरवालों को उसकी लाश ही नसीब हुई थी। घरवालों का आरोप है कि कार मालिक ने जग्गू की पिटाई थी। फिर वह जग्गू को थाने छोड़ गया था। इसके बाद जग्गू का शव पार्क में लटके होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने जग्गू के टैक्सी मालिक को गिरफ्तार किया था। जबकि धारा-306 लगाई थी। इसके बाद पेरेंट्स ने जग्गू की अस्थियां लेकर रोष प्रदर्शन किया था। इस पर पुलिस ने दो दिन का समय दिया था। लेकिन अभी तक जांच पूरी नहीं हो पाई है।