मोहाली के डेराबस्सी में गैंगस्टरों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से गोलियां चली है। बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर गैंगस्टरों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दो गैंगस्टर घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने मोहाली पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में लॉरेंस गैंग के विदेशी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों से जुड़े दो गुर्गों को घग्घर में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगने से वह घायल हुए हैं, जिन्हें डेराबस्सी अस्पताल में भर्ती किया गया है। आरोपियों की पहचान मोहाली के मोटेमाजरा निवासी शरणजीत सिंह और वर्तमान में मोहाली के टंगोरी गांव में रह रहे अमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने उनके पास से दो .32 बोर की पिस्तौल और 10 ज़िंदा कारतूस बरामद किए हैं, साथ ही उनकी बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिस पर वे सवार थे।
एसएसपी हरमनदीप हंस ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पिछले महीने राजपुरा में हुई गोलीबारी की एक घटना में शामिल थे। आरोपियों को गोल्डी ढिल्लों ने पंजाब के एक व्यापारी को निशाना बनाने का काम सौंपा था। गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों इस साल अक्तूबर में एबॉट्सफोर्ड में ब्रिटिश कोलंबिया के एक भारतीय मूल के उद्योगपति की दिनदहाड़े हत्या का भी मास्टरमाइंड था।
डीआईजी एजीटीएफ गुरमीत सिंह चौहान ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और आरोपी अमन के खिलाफ हथियारों से संबंधित दो एफआईआर दर्ज हैं।
एसएसपी हरमनदीप हंस, जो एसपी ग्रामीण मनप्रीत सिंह के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे, ने बताया कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो गुर्गों की गतिविधियों के बारे में विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली थी। सूचना मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए डीएसपी डेराबस्सी बिक्रमजीत बराड़ के नेतृत्व में एजीटीएफ और मोहाली पुलिस की संयुक्त टीमों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए।
इस संबंध में जिला मोहाली के पुलिस स्टेशन डेराबस्सी में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 132, 221 और 3 (5) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।