झरमड़ी के पास ओमेक्स अपार्टमेंट्स में मोबाइल में गर्लफ्रेंड की तस्वीरों को लेकर हुए झगड़े में एक स्टूडेंट गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे अंबाला के प्राइवेट अस्पताल के बाद पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने जानलेवा हमला करने के आरोप में दो स्टूडेंट्स के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सभी स्टूडेंट्स एमएम यूनिवर्सिटी में आर्किटेक्चर का कोर्स कर रहे हैं। स्टूडेंट्स ओमेक्स अपार्टमेंट में किराये पर रहते हैं। पुलिस को दी जानकारी मेें जख्मी सम्राट नंदी निवासी सोनितपुर असम ने बताया कि 29 अगस्त को उसके दोस्त आयुष के पास अनिकेत का मोबाइल था। उसमें सम्राट व उसकी गर्लफ्रेंड की तस्वीरें थीं। रात को अपार्टमेंट में जब अनिकेत अपने दोस्तों के साथ उससे मिला तो सम्राट ने तस्वीरों को लेकर आपत्ति जताई। इसके बाद अनिकेत ने उसपर पेपर कटर से हमला कर दिया और उसके दोस्त दिव्याजुल नौटियाल ने उसका साथ दिया। कटर के तीन वार उसकी गर्दन, सिर पर कंधे पर लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों आरोपी भाग गए। इसके बाद उसके दोस्तों ने उसे अंबाला के प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने सम्राट के बयान पर अनिकेत व दिव्याजुल नौटियाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।