घर में घुसकर बुजुर्ग महिला पर किया हमला
- फोटो : अमर उजाला
कोर्ट से स्टे होने के बावजूद दीवार तोड़ने का प्रयास करने वाले पड़ोसी ने रविवार को सीनियर सिटीजन महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट की। मारपीट में महिला की बाजू में चोट आई है। महिला व उसके परिजनों का आरोप है कि पुलिस को तीन बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन आरोपियों के खिलाफ अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सोहाना के खद्दर भंडार के निकट रहने वाले सुधीर बंसल का आरोप है कि उनके पड़ोसी बलकार मोहम्मद पुत्र शेर मोहम्मद ने घर की छत पर चढ़ कर उसकी 60 वर्षीय मां दर्शना देवी पर हमला कर जख्मी कर दिया। सुधीर के मुताबिक बलकार मोहम्मद घर के पीछे से सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़ा और फिर उसकी मां के साथ मारपीट की। इससे पहले आरोपी के परिवार वाले उसके पिता सुभाष चंद्र बंसल को भी जान से मारने की धमकियां दे चुके हैं।
सुधीर बंसल ने बताया कि सोहाना में उन्होंने और उनके पड़ोसी शेर मोहम्मद ने एक ही व्यक्ति से मकान खरीदे थे। उनके मकान और पड़ोसी की मकान के साथ लगती दीवार साझी है, लेकिन उनका पड़ोसी इस दीवार को तोड़ना चाहता है। इसकी वजह से उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया था और दो अप्रैल 2016 को अदालत ने स्टे दिया था। उसके पड़ोसी ने स्टे होने के बाद भी 14 अप्रैल को दीवार तोड़ने का प्रयास किया, जिसकी वजह से उन्होंने सोहाना पुलिस थाने में शिकायत दी थी। पुलिस के सामने हुए फैसले में पड़ोसी ने गलती मानते हुए इसका निर्माण कराने को कहा था।
इसके बाद इन्होंने 12 मई को फिर धमकियां देनी शुरू कर दी, जिसकी वजह से उन्होंने दुबारा सोहाना थाना में लिखित शिकायत दी थी। अभी इस शिकायत पर कार्रवाई भी नहीं हुई थी कि तीसरे दिन रविवार को घर की छत पर चढ़कर उनकी मां पर हमला कर दिया। सुधीर ने बताया कि इस बीच जब वह उन्हें छुड़वाने आया तो उसका भी गला दबाकर मारने का प्रयास किया। बड़ी मुश्किल से वह बलकार मोहम्मद से छूटे, लेकिन तब तक उसकी मां की बाजू पर चोट लग चुकी थी।