शहर में शुक्रवार रात को कर एवं आबकारी विभाग के स्पेशल नाके के दौरान ईटीओ रघुबीर सिंह पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। ईटीओ काफी सूझबूझ से अपनी जान बचाई। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस पार्टी ने हवाई फायर कर जान बचाई। थाना सोहाना की पुलिस ने ईटीओ रघुबीर सिंह के बयानों पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा-341, 353, 186, 506, 148, 149, 120 बी के तहत मामला दर्ज एक ट्रक को जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक यह मामला शुक्रवार रात दो बजे का है। कर एवं आबकारी विभाग के मोबाइल विंग पटियाला में तैनात ईटीओ रघुबीर सिंह सनेटा रोड पर नाका लगाकर गाड़ियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान यूपी नंबर का एक ट्रक आया। ट्रक चालक ने गांव वाले रास्ते की तरफ ट्रक मोड़ लिया। ट्रक में पाइप भरे हुए थे। ट्रक के आगे आगे स्कोडा कार चल रही थी। कार में बैठे लोग कार को राह दिखा रहे थे। इसी बीच ईटीओ को संदेह हुआ। उन्होंने अपने गनमैनों को साथ लेकर ट्रक का पीछा किया। ट्रक को लीड कर रही कार को रुकने के लिए कहा। उन लोगों ने अपने अपने वाहन रोक लिए। वहीं, उसमें से कुछ लोग उतरे जिनके हाथ में रॉड व डंडे थे। उन्होंने मारपीट की और भागे। इसके बाद ईटीओ ने अपने गनमैनों को हवाई फायर करने के लिए कहा। साथ ही उनका पीछा जारी रखा। जैसे ही ट्रक सेक्टर-82 के पास पहुंचा तो ईटीओ के गनमैन ने ट्रक के टायर में गोली मार दी। जिसके बाद ट्रक रुक गया। लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।