50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए श्री मुक्तसर साहिब स्थित कोट भाई पुलिस स्टेशन के एसएचओ जसविंदर सिंह को विजिलेंस द्वारा शनिवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
वहीं पुलिस को अब भी इस केस में आरोपी के दूसरे साथी की तलाश है, जो फरार चल रहा है। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि एसएचओ जसविंदर के साथ उसका दूसरा साथी रीडर कुलदीप भी मामले में शामिल है। जो अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
वह केस में वांटेड चल रहा है। विजिलेंस द्वारा उसके घर पर भी नजर रखी जा रही है। वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। जिक्रयोग है कि थाना गिदड़वाहा निवासी जग्गा सिंह ने विजिलेंस को दी शिकायत में बताया था कि एसएचओ ने गैर कानूनी तरीके से उनके बेटे को बीते नौ अगस्त को कस्टडी में रखा था।
इसके बाद आरोपी ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया था। साथ ही उनसे पहले 40 हजार रुपये लिए थे और दो लाख की मांग कर रहा था। उन्होंने इस संबंध में विजिलेंस को शिकायत देने का फैसला लिया। इसके बाद विजिलेंस की प्लानिंग के मुताबिक उन्होंने काम किया। इस दौरान मोहाली विजिलेंस की टीम भूपिंदर सिंह और इंस्पेक्टर सतवंत सिंह की अगुवाई में श्री मुक्तसर साहिब गई। जहां पर प्लानिंग के अनुसार शिकायतकर्ता आरोपी एसएचओ को रिश्वत देने गया था।