चंडीगढ़। लोहगढ़ गुरुद्वारा साहिब के नजदीक सड़क पर शुक्रवार को मॉर्निंग वॉक कर निकली एक युवती के गले से कार सवार स्नैचरों ने सोने की चेन झपट ली और युवती को धक्का देकर फरार हो गए।
घटना जीरकपुर स्थित मोना एरोव्यू, स्वास्तिक विहार में जीरकपुर निवासी डॉ. तान्या बॉस के साथ घटी, जोकि राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में एसोसिएट प्रोफैसर के रूप में कार्यरत हैं। डॉ. तान्या ने बताया कि रोजाना की तरह वह शुक्रवार सुबह 5 बजे सैर के लिए निकली। इस दौरान उसकी नजर एक कार पर पड़ी, जिसमें बैठे दो युवक संदिग्ध लग रहे थे। कुछ दूरी पर जाने के बाद उसने पलटकर देखा तो कार सवार एक युवक उसके पीछे था और उसने उसके गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की, लेकिन युवती ने उसे धक्का दे दिया। बावजूद इसके झपटमार उसकी तरफ दोबारा आया और उसे नीचे गिराकर गले से जबरदस्ती चेन खींचने लगा। युवती ने झपटमार के थप्पड़ भी मारे व शोर भी मचाया, लेकिन कोई भी उसकी मदद के लिए नहीं आया। इतने में आरोपी उसकी चेन खींचकर अपने साथी के साथ कार में बैठकर फरार हो गया। डॉ. तान्या ने बताया कि किसी व्यक्ति से फोन लेकर उसने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया। हालांकि वहां मौजूद लोगों ने कार का नंबर नोट कर लिया, जिसे पुलिस को दे दिया है। युवती ने बताया कि उसने झपटमार के साथ काफी देर हाथापाई की, लेकिन इस बीच आसपास सैर कर रहे लोग भी उसकी मदद के लिए नहीं आए और दूर खड़े होकर तमाशा देखते रहे। युवती ने बाद में पुलिस थाने जाकर शिकायत दर्ज करवाई। युवती के मुताबिक घटना में उसके गले पर चोट के निशान भी पड़ गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।