कुर्सियां खरीदने के नाम पर पेटीएम नंबर लेकर 18 हजार की ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
कुराली। एक शातिर ठग ने दुकानदार से कुर्सियां खरीदने के नाम पर उसका पेटीएम नंबर लेकर उसके अकाउंट से 18 हजार अपने अकाउंट में ट्रांसफर कर लिए। यह अपनी तरह का पहला मामला है। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी है। साथ ही इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग भी की है। इस बारे में रोहित सूद ने बताया कि उनकी बाजार में चम्मन लाल एंड सन्ज के नाम से दुकान है। उसने बताया कि उनके पिता को किसी ने फोन पर उनकी दुकान से कुर्सियां खरीदने की बात कहीं। उसने 550 रुपये वाली 30 कुर्सियां खरीदनी है और उसने कुर्सियों की कीमत 16500 रुपये बताते हुए कहा कि वह इस राशि में से 6500 रुपये नकद देगा और शेष पेटीएम के माध्यम से अदायगी करेगा। इसी दौरान फोन करने वाले ने अपने नौकर के पास 6500 रुपये भेजने की बात कह कर उसके पिता से पेटीएम का नंबर ले लिया। रोहित सूद ने बताया कि इसके बाद उक्त ठग ने उनके पेटीएम से तीन बार 8000 रुपये, 5546 रुपये और फिर 3600 रुपये की राशि निकाल ली। रोहित सूद ने बताया कि इस प्रकार उक्त ठग ने उसके पिता के साथ लगभग 18 हजार रुपये की ठगी की है। इस संबंधी पुलिस को सूचित कर दिया गया है।
फोटो: रोहित सूद पेटीएम के माध्यम से हुई ठगी के बारे में जानकारी देते हुए।