बब्बर खालसा को फंडिंग करने वाले के तार जुड़े पीएचडी से
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने किए कई बड़े खुलासे
आरोपी था ग्रुप का सक्रिय मेंबर, सऊदी अरब में करता था ड्राइविंग
थोड़े थोडे पैसे भेजता था, ऐसे में उस पर कोई संदेह नहीं करता था
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। बब्बर खालसा को फंडिंग करने के आरोप में दिल्ली से काबू किया गया भूपिंदर सिंह उर्फ दिलाबर पेशे से ड्राइवर था। वह सऊदी अरब में ड्राइविंग करता था। वहीं, युवाओं को बब्बर खालसा का मेंबर बनने के लिए प्र्रेरित करने में अहम भूमिका निभाता था। इतना ही नहीं आरोपी पाकिस्तान में बैठे खालिस्तानी समर्थक आंतकियों के संपर्क में भी थी। सूत्रों से पता चला है यह बात आरोपी से पूछताछ में पुलिस के हाथ लगी है। हालांकि पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक पुलिस की आरोपी पर काफी समय से नजर थी। उसके कुछ साथी पहले भी पकड़े गए थे। जिसके बाद से पुलिस उसे दबोचने के लिए काम कर रही थी। इस दौरान यह बात भी सामने आई है कि आरोपी के फेसबुक पेज के अधिकतर मेंबर भी पाकिस्तान और बाहरी देशों के लोग बताए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी थोड़े थोड़े करके पैसे इंडिया भेजता था। ऐसे में उस पर कोई संदेह नहीं करता था। साथ ही वह इसी बहाने संगठन को फंडिंग मुहैया करवाता रहता था। वहीं, सूत्रों के मुताबिक यह भी बात सामने आई है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे आंतकी हरमीत सिंह पीएचडी के संपर्क में भी था। उससे भी उसकी बात होती रही है। सबसे पहले उसकी पीएचडी से उसके एक दोस्त ने बात करवाई थी। जिसके बाद यह सिलसिला शुरू हो गया था। वहीं, अब पुलिस की टीम उन लोगों के बारे में भी पता लगाने में लगी है। जो कि पंजाब में अशांति फैलाने की कोशिश में लगे हुए हैं। इससे पहले तारगेट कीलिंग को लेकर भी आरोपी से पुलिस ने सवाल जवाब किए गए है।