मीट प्लांट में घुसकर हमला, तोड़फोड़, दो कर्मी जख्मी
-एक दर्जन युवकों पर केस दर्ज
-कंपनी प्रबंधकों ने प्रदूषण के नाम पर ब्लैकमेल करने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी(मोहाली)।
गांव बेहड़ा स्थित एएलएम नामक मीट प्लांट में घुसकर युवकों ने तोड़फोड़ की, दो मुलाजिमों को अगवा कर जानलेवा हमला किया। रॉड व डंडों से किए हमले में फैक्टरी के एक कर्मी की टांग व दूसरे की बाजू टूट गई। उन्हें जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है। हमलावरों में नामजद हुए पांच युवक नजदीकी गांवों के हैं, जबकि अन्य उनके साथी हैं। पुलिस ने इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सहारनपुर (यूपी) निवासी तनवीर और सोनू मीट प्लांट में काम करते हैं। दोनों कंपनी के क्वार्टर में ही रहते हैं। जांच अधिकारी एएसआई केवल सिंह ने बताया कि बुधवार शाम काम खत्म करके दोनों मीट प्लांट परिसर में टहल रहे थे। रात करीब नौ बजे बोलेरो सवार 12 युवक मीट प्लांट में घुस गए। सिक्योरिटी कर्मियों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो हमलावरों ने दहशत फैलाते हुए रॉड व डंडों से कंपनी की एक गाड़ी और सिक्योरिटी रूम के केबिन के शीशे तोड़ दिए। अंदर घुसकर उन्होंने तनवीर व सोनू पर हमला किया और अपनी गाड़ी में उन्हें डालकर उठा ले गए। रास्ते में भी उन्हें पीटते रहे और पंजाब मीट प्लांट के पास उनके पैसे निकालने के बाद फेंककर फरार हो गए। बेहड़ा के सरपंच नारायण सिंह ने उन्हें गंभीर हालत में फैक्टरी पहुंचाया। केवल सिंह के अनुसार, हमले में तनवीर की दाईं टांग व सोनू की बाईं बाजू टूट गई। नामजद आरोपियों में रणजीत सिंह मिंटा मुकंदपुर, खेड़ी गुज्जरां के मुनीष उर्फ बिट्टू, गुरमीत सिंह गीतू, बेहड़ा गांव के शेरा व गोल्डी सहित 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
केबल सिंह के अनुसार तनवीर से नामजद आरोपी पहले भी झगड़ा कर चुके हैं। तनवीर व सोनू का आरोप है कि यह आरोपी मीट प्लांट पर प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाकर कंपनी प्रबंधकों से पैसा एेंठना चाहते हैं, लेकिन कंपनी उन्हें कोई तवज्जो नहीं दे रही है। इस कारण उन्हाेंने हमला कर दिया है। पुलिस ने तनवीर के बयान पर आईपीसी 307, 365, 325, 382, 323, 452, 427, 506,148 व 149 के तहत केस दर्ज किया है।