फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक की हत्या कर पराली डाल जलाया शव

विज्ञापन
विज्ञापन
लालड़ू। अंबाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित लालड़ू आईटीआई चौक के नजदीक एक युवक की हत्या कर शव पर पराली डालकर जला दिया गया। वारदात स्थल से कुछ दूरी पर हाईवे किनारे लगे एक बेंच पर खून के निशान मिले व पास ही खून से सनी ईंट पुलिस ने बरामद की है। वारदात स्थल का डीएसपी डेराबस्सी सिमरनजीत सिंह व फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने दौरा किया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली थी कि आईटीआई चौक के पास जली अवस्था में युवक का शव पड़ा है। मौके पर जाकर देखा तो युवक के दोनों पैरों को छोड़कर लगभग पूरा शरीर जला हुआ था। एएसआई कृष्ण चंद ने बताया कि मृतक के सिर के अलावा शरीर पर भी चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्यारों ने पहले युवक के सिर व शरीर पर ईंट से वार कर हत्या की। फिर उसे करीब 150 मीटर दूर खींचकर लाने के बाद कबाड़ की दुकान के पास पराली डालकर जला दिया, ताकि उसकी पहचान न हो सके। वहीं, बेंच के पास ताला लगी साइकिल, एक जोड़ी टूटी हुई चप्पल व पानी की बोतल व देसी शराब का पउआ भी मिला है। पुलिस ने मृतक की आयु करीब 35 वर्ष बताई है। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल डेराबस्सी के शवगृह में रखवाकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
पुलिस सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हत्या में शामिल कातिलों तक शीघ्र पहुंचा जा सके। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात स्थल के पास जहां बेंच पर खून के निशान मिले हैं और पुलिस ने जहां से शव बरामद किया है, उसके बीच में एक कार सुबह तीन से सवा तीन के बीच दिखी है, लेकिन अंधेरा होने के चलते उसकी पहचान नहीं हो पा रही है, क्योंकि वारदात स्थल से जहां पर सीसीटीवी कैमरा लगा है, उसकी दूरी आधा किलोमीटर है।
विज्ञापन


24 दिन में शव मिलने की तीसरी घटना, लोगों में दहशत
लालड़ू इलाके में अपराधियों के हौसले पूरी तरह बुलंद हैं। पिछले 24 दिन में शव मिलने की यह तीसरी घटना है। इससे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। हालांकि पुलिस ने पहले मिले दोनों शवों के मामलों को हल कर लिया है। 11 अप्रैल को गांव बल्लोंपुर के निकट लिंक मार्ग पर गेहूं के खेत से 36 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ था, जिसके सिर पर ईंट से हमला कर मौत के घाट उतारा गया था। यह मामला पत्नी के प्रेम प्रसंग का निकला था। वहीं, 29 अप्रैल को बटौली मीरपुरा संपर्क मार्ग के नजदीक जड़ौत की जमीन से व्यक्ति का गला सड़ा शव मिला था। बाद में पता चला था कि हरियाणा के टोल के निकट हुए कार हादसे के बाद कार चालक अस्पताल में भर्ती करवाने के बहाने मृतक को यहां गिरा गया था। अब यह तीसरी घटना पुलिस के लिए चुनौती बन गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें