मोहाली/ खरड़। गैर कानूनी तरीके से माइनिंग करने वाले लोगों पर पुलिस की टीम ने पूरी तरह से शिकंजा कस दिया है। सदर थाना खरड़ की पुलिस ने इसी कड़ी में सहौड़ा के पास से सात टिप्पर बरामद किए है। जबकि टिप्पर चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस संबंधी पुलिस को इरीगेशन डिपार्टमेंट के अधिकारी दिलजीत सिंह की तरफ से शिकायत दी गई थी। जानकारी के मुताबिक दिलजीत सिंह की तरफ से दी गई शिकायत में बताया गया है कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि उस इलाके में माइनिंग हो रही है। जब टीम ने इलाके में जाकर दबिश दी तो वहां से टिप्पर चालक फरार हो गए। जबकि उन्होंने टिप्परों को कब्जे में लिया है। वहीं, अब इसकी जांच की जा रही है। यह मामला जिला प्रशासन के ध्यान में भी है। दूसरी तरफ अब टिप्पर मालिकों की पहचान की जा रही है। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जिक्रयोग है कि जिले में माइनिंग को रोकने के लिए जिला प्रशासन काफी सख्त हो गया है। इतना ही नहीं रात को चेकिंग के लिए स्पेशल टीमें गठित की गई है। इन टीमों में विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल किए गए हैं। जो कि रोजाना अपनी रिपोर्ट डीसी को देते हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाती है।