करणवीर ने दसवीं में हासिल किए थे दस सीजीपीए
शिवालिक स्कूल से पास की थी दसवीं की परीक्षा
छात्र की मौत पर स्कूल में दो मिनट का रखा गया मौन
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
12वीं की परीक्षा में फिजीक्स का पेपर ठीक न होने से डिप्रेशन में आकर सुसाइड करने वाला छात्र करणवीर पढ़ाई में काफी होशियार था। दसवीं की परीक्षा में उसने दस सीजीपीए हासिल किए थे। उसने फेज-छह स्थित शिवालिक पब्लिक स्कूल से दसवीं की पढ़ाई की थी। यह बात उक्त छात्र को पढ़ाने वाले अध्यापकों ने बताई।
स्कूल के टीचर ओंकार जी ने बताया कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि करणवीर ऐसा कदम उठा सकता है। उन्होंने बताया कि उसे हिंदी पढ़ाई थी। स्कूल में करणवीर की आत्मिक शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इसमें सभी स्कूल के टीचर व छात्र शामिल हुए।
पता चला है कि छात्र के माता-पिता दोनों प्राइवेट सेक्टर में तैनात हैं। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद करणवीर का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
फेज-चार के मकान नंबर एचएम 128 में बुधवार को पेपर देकर आए छात्र ने फंदा लगा दिया था। जब घरवालों ने उसे फंदे से लटका देखा तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस की टीम पहुंची और करणवीर को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर धारा -174 के तहत कार्रवाई की। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। किसी को विश्वास नहीं हो रहा था कि करणवीर ऐसा कदम उठा सकता है।
जिक्रयोग है कि बोर्ड एग्जाम के दौरान मोहाली जिले में मौत की यह दूसरी घटना है। इससे पहले मुल्लांपुर में एक लड़की ने सुसाइड कर लिया था। वह धनास के सरकारी स्कूल में पढ़ती थी। साथ ही एग्जाम को लेकर ज्यादा डर गई थी। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत के बाद केस दर्ज किया था।