परिवार वाले गए बेटी की सगाई में, चोर कर गए घर खाली
वार्ड नंबर दो के घर से चोर ले गए लाखों की नकदी व गहने
परिवार ने पुलिस को दी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
कुराली।
वार्ड-2 में एक घर को निशाना बनाते हुए चोर लड़की के विवाह के लिए लाए गए लाखों के गहने और नकदी चोरी कर ले गए। इस संबंध में पुलिस को सूचित कर दिया गया है। इस बारे में परमजीत कौर पत्नी हरमेश सिंह ने बताया कि वह बेटी की सगाई करने गई हुई थीं। जब वह सगाई के बाद घर आईं तो सारा समान बिखरा हुआ था। परमजीत कौर ने बताया कि चोर दरवाजे का ताला तोड़ कर अंदर दाखिल हुए और घर में तलाशी ली। इस दौरान लड़की के विवाह के लिए तैयार गहने चार सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी कांटे, तीन जोड़ियां झांझरे, चार जोड़ी बच्चों के सगले, मोबाइल फोन और करीब 50 हजार की नकदी चोर ले गए। परमजीत कौर ने बताया कि चोरी हुए सामान का मूल्य लाखों रुपये बनती है। उन्होंने बताया कि लड़की के विवाह के लिए गहने और नकदी जमा की थी। चोरी के बारे में पुलिस को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।