मर्सिडीज से तीस ग्राम हेरोइन बरामद, दो गिरफ्तार
खरड़। सीआईए स्टाफ खरड़ ने गुप्त सूचना के आधार पर दो युवकों को तीस ग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सीआईए स्टाफ को जानकारी मिली थी कि सन्नी एनक्लेव के निकट निज्जर रोड पर दो युवक नशीला पदार्थ लेकर घूम रहे हैं। पुलिस ने सूचना मिलने पर नाकाबंदी करके वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक सिल्वर कलर की मर्सिडीज कार नंबर डीएल2-सीएम- 2833 जिसे एक सरदार युवक रमनदीप सिंह उर्फ रमना निवासी गांव नियामियां खरड़ चला रहा था। उसके साथ दूसरा युवक लखवीर उर्फ लखा निवासी गांव सलाना अमलोह जिला फतेहगढ़ साहिब बैठा था। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को 30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके नारकोटिक्स एक्ट के अधीन मामला दर्ज कर लिया है।