बनूड़/लांडरां। गांव जंगपुरा के सरपंच के घर पर हमला करने और जान से मारने की धमकियां देने के आरोप में थाना बनूड़ की पुलिस ने दो युवकों को नमजद कर 3-4 अज्ञात युवकों पर मामला दर्ज किया है। थाना मुखी इंस्पेक्टर निर्मल सिंह ने बताया कि गांव जंगपुरा के सरपंच हरमिंदर सिंह बिल्ला ने शिकायत दी थी कि उसने गांव वासी प्रीतपाल सिंह उर्फ भीम पुत्र गुरचरन सिंह व अन्य साथियों के साथ मिलकर शराब का ठेका पिछले साल लिया था। ठेके की मियाद 31 मार्च को पूरी होने पर जब प्रीतपाल को हिसाब करने के लिए कहा तो वह आनाकानी करता रहा। जब उसे जोर देकर हिसाब करने के लिए कहा तो उसने शुक्रवार रात 11:30 बजे अपने साथी लाडा और 3-4 अज्ञात युवकों के साथ मिलकर उसके घर पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकियां दीं। आरोपियों ने लोहे की रॉड से घर का गेट भी तोड़ दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठे हुए तो आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए। थाना मुखी ने बताया कि सरपंच की शिकायत पर आरोपी प्रीतपाल सिंह, लाडा और 3-4 अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा 458, 341, 506, 427, 148, 149 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।