- शिक्षा विभाग की महिला अधिकारी की तरफ से दी गई थी शिकायत
- आरोपी एप्लीकेशन में डालकर मांग रहा था दस हजार रुपये
- पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा न्यायिक हिरासत में
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। फेज-आठ थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को काबू किया है जो अपनी बहन की ट्रांसफर करवाने के लिए शिक्षा विभाग की एक महिला अधिकारी को दस हजार रुपये रिश्वत देने की कोशिश कर रहा था। हालांकि महिला अधिकारी ने पैसे लेने से मना कर दिया। साथ ही उसके बारे में शिक्षा विभाग को शिकायत दे दी। इसके बाद विभाग की तरफ से दी गई शिकायत पर ललित कुुमार निवासी पटियाला पर केस दर्ज कर काबू कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दिया गया है। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फेज-आठ थाने के एसएचओ राजीव कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक ललित कुमार पटियाला का रहने वाला है। उसकी बहन अकविंदर कौर संगरूर में तैनात थी। वह उसकी बदली पटियाला करवाना चाहता था। इसके लिए वह पीएसईबी स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय में पहुंच गया। साथ ही उसने दस हजार रुपये आफर किए। थाने के एसएचओ ने बताया कि आरोपी ने ट्रांसफर के लिए एप्लीकेशन दी। इसमें उन्होंने दस हजार रुपये रखे हुए थे। महिला ने कहा कि उसने इस एप्लीकेशन को स्वीकार करने से मना कर दिया। उसने उससे पूछा कि वह क्या कर रहा है। इस पर उसका जवाब था कि उसकी बहन की बदली जरूरी है। ऐसे में उसकी सहायता करें।
शिक्षा विभाग की शिकायत पर केस दर्ज
इसके बाद महिला मुलाजिम ने तुरंत इस बारे में शिक्षा सचिव कृष्ण कुमार ने पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद विभाग की तरफ से आगे की कार्रवाई करते हुए इस संबंधी पुलिस को शिकायत दे दी गई। साथ ही इस संबंध में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।