मारपीट के आरोप में पत्रकार के खिलाफ केस दर्ज
आरोपी ने दी धमकी- मैं पत्रकार हूं, और मेरे लिंक्स ऊपर तक हैं...
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर एक पत्रकार के खिलाफ मारपीट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी की पहचान राजेश गर्ग निवासी देवाजी कांप्लेक्स किशनपुरा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि आरोपी पंचकूला की एक मैगजीन में पत्रकार है।
मिथलेश पाठक निवासी देवाजी कांप्लेक्स किशनपुरा ने पुलिस को बताया कि बीती 27 फरवरी को वह डिनर करने के बाद सोसायटी के अंदर रात करीब साढ़े 10 बजे सैर कर रहे थे। बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा था जिसमें से उक्त आरोपी अपनी कार में सवार होकर तेज रफ्तार से निकला तो गंदे पानी से मिथलेश के कपड़े खराब हो गए। कपड़ों के ऊपर कीचड़ पड़ने के बाद मिथलेश ने उसे समझाने की कोशिश की तो राजेश अपनी कार से निकला और धमकी दी कि मैं पत्रकार हूं, और मेरे लिंक्स ऊपर तक हैं। ये कहने के बाद आरोपी ने मिथलेश की पिटाई कर दी और उसे जख्मी करके वहां से फरार हो गया। सूचना पाकर मिथलेश का बेटा शैलेश वहां पहुंचा और पिता को अस्पताल पहुंचाया। बाद में लिखित शिकायत पुलिस अधिकारियों को दी, जिन्होंने कार्रवाई करते हुए पत्रकार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी एएसआई निर्मल सिंह ने बताया कि आरोपी पत्रकार राजेश गर्ग की तलाश के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।