पुलिस नाके पर पुलिस कर्मी पर जिप्सी चढ़ाने की कोशिश
मौके से हुआ फरार, बाद में गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। फेज 11 में पुलिस नाके पर एक तेज रफ्तार जिप्सी चालक ने पुलिस कर्मी पर जिप्सी चढ़ाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया। हादसे में पुलिस कर्मी बाल बाल बच गया। थाना फेज 11 पुलिस ने अज्ञात जिप्सी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक थाना फेज 11 पुलिस ने मंदिर के साथ मेन सड़क पर नाका लगाया हुआ था। नाके पर पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना आई कि एयरपोर्ट रोड की ओर से फेज 11 में एक तेज रफ्तार जिप्सी चालक हुटर बजाता हुआ आ रहा है। जिसके बाद नाके पर मौजूद पुलिस कर्मी कांस्टेबल प्रकाश चंद व अन्य कर्मियों ने एयरपोर्ट रोड से आ रही तेज रफ्तार जिप्सी चालक को रुकने का इशारा किया। जिसके बाद जिप्सी चालक ने रुकने के बजाय पुलिस कर्मियों पर ही जिप्सी चढ़ाने की कोशिश की।
पुलिस कर्मियों ने एकदम पीछे हटकर जान बचाई और जिप्सी चालक मौके से जिप्सी लेकर फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस उसके पकड़ने के लिए उसका पीछा किया पर तेज गति से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मौके पर पुलिस कर्मियों की ओर से जिप्सी का नंबर नोट कर लिया गया था। जिसके बाद पुलिस जिप्सी के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक खिलाफ थाना फेज 11 पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि जिप्सी चालक की पहचान की करने के बाद उसे गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ दिया है। चालक गांव बड़ी का रहना वाला था।