मोहाली। नशे की समस्या पंजाब में गंभीर चिंता का विषय है। इस पर काबू पाने के लिए विभागों में आपसी तालमेल बहुत जरूरी है, ताकि इस समस्या का हल किया जा सके। यह बात स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) की एडीजीपी गुरप्रीत कौर दियो ने जिले के सारे विभागों से सामूहिक मीटिंग में कही। उन्होंने कहा कि पंजाब की इस समस्या पर वह शीघ्र काबू पाना चाहती हैं। इसके लिए उनकी तरफ से स्पेशल पखवाड़ा शुरू किया गया है। सबसे पहले तो हमें नशा बिकने वाली जगहों की निशानदेही करनी होगी, ताकि हम उन विशेष जगहों पर ध्यान केंद्रित कर पाएं। उन्होंने कहा कि जब से पंजाब में एसटीएफ गठित की गई है, तब से अब तक एसटीएफ ने पूरे पंजाब में 26254 एफआईआर दर्ज की हैं, जबकि 31642 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, पूरे पंजाब में 725 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि अब विभाग की नजर सौ उन नशा तस्करों पर है, जोकि बड़े स्तर पर यह कारोबार चला रहे हैं। लेकिन वह पर्दे के पीछे रहकर ही सारी कार्रवाई करते हैं। उन्होंने कहा कि इस काम में लोग भी हमारा सहयोग दे सकते हैं। एसटीएफ की हेल्पलाइन 7901939393 व 7901959595 पर कॉल की जा सकती है। इसके अलावा 181 हेल्पलाइन चलाई जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा प्लान तैयार करने के प्रयास की प्रशंसा की। इससे पहले डीसी गिरिश दियालन, एसएसपी हरचरन सिंह भुल्लर, एसडीसी जी साक्षी साहनी, एसपी हेडक्वार्टर गुरसेवक सिंह, एसडीएम मोहाली जगदीप सहगल, एसडीएम खरड़ विनोद बंसल, एसडीएम डेराबस्सी पूजा स्याल, उप जिला शिक्षा अधिकारी गुरप्रीत कौर हाजिर थे।