मोबाइल चोर गिरोह का एक और मेंबर काबू
खरड़। सिटी पुलिस खरड़ ने लांडरा रोड पर कुछ दिन पूर्व मोबाइल की एक दुकान से महंगे फोन चोरी करने वाले गिरोह के एक अन्य सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। थाना सिटी खरड़ के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश हसतीर ने बताया कि इस गिरोह ने पिछले महीने लांडरा रोड स्थित एक दुकान से लाखों के स्मार्ट फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चोरी हुए मोबाइल फोनों के आईएमईआई नंबर ट्रेस करके दलबीर सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी किला अहमदगढ़ मालेरकोटला और रणजीत सिंह को चोरी के मोबाइल फोन समेत गिरफ्तार कर लिया था। इनका साथी नरिंदर सिंह उर्फ सोनू निवासी गांव रायपुर जिला होशियारपुर हाल वासी गांव बडाली पुलिस कर्मचारी के साथ धक्का-मुक्की करके फरार हो गया था और इस दौरान कांस्टेबल रविंदर सिंह की टांग टूट गई थी। उन्होंने बताया कि एएसआई जीवन सिंह और हवलदार हरविंदर सिंह ने नरिंदर सिंह को गिरफ्तार कर खरड़ अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उसे जूडिशियल रिमांड में भेजने के आदेश दिए।