आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा खिलाते 4 गिरफ्तार
त्रिशला सिटी सोसायटी के फ्लैट में छापामारी कर पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश
एक लैपटॉप, 8 मोबाइल फोन और दो हजार रुपये बरामद, 4 अन्य आरोपी चल रहे फरार
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा खिलाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया जिनकी पहचान विपिन उर्फ बंटी, कौशल निवासी त्रिशला सिटी जीरकपुर, गोबिंद उर्फ बग्गा और पारस निवासी सिटी एनक्लेव पभात के रूप में हुई है। गोबिंद और पारस बाप-बेटा हैं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरोह के 4 अन्य सदस्य फरार चल रहे हैं जिनकी तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है।
एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हाईग्राउंड पर स्थित त्रिशला सिटी सोसायटी के फ्लैट नंबर-1010/सी में आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा खिलाया जा रहा है। पुलिस ने शुक्रवार देर रात फ्लैट में छापामारी कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।। पूछताछ में पता चला कि वह फ्लैट के अंदर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर लोगों को सट्टा लगवा रहे थे। पुलिस ने फ्लैट से एक लैपटॉप, 8 मोबाइल फोन व दो हजार की नकदी बरामद की। पुलिस जांच सामने आया है कि उक्त गिरोह लंबे समय से एक्टिव था, परंतु आपसी नेटवर्क मजबूत होने के कारण ये कभी पकड़ में नहीं आए।