गाली गलौज करने से रोकने पर शराबियों ने मां-बेटों को पीटा
महिला ने की शिकायत पर जांच में जुटी पुलिस
खरड़। मंडेर नगर में शराबी युवकों ने महिला और उसके दो बेटों के साथ बुरी तरह मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। रणजीत कौर पत्नी मनदीप सिंह निवासी मंडेर ने बताया कि रात को कुछ युवक शराब के नशे में उनके घर के बाहर खड़े होकर एक-दूसरे से गाली गलौज कर रहे थे। रणजीत ने इन युवकों को गाली गलौज करने से रोका तो शराब के नशे में इन युवकों ने रणजीत कौर को धमकियां देनी शुरू कर दीं और धक्का देकर उसे सड़क पर गिरा दिया। शोर सुनकर रणजीत के लड़के नवप्रीत सिंह तथा दर्शप्रीत सिंह मां को बचाने बाहर आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी बुरी तरह मारपीट की। शराबी युवकों ने फोन करके अपने कुछ और साथियों को भी बुला लिया जिनके हाथों में लोहे की रॉड तथा डंडे थे। हमलावरों ने उसके बड़े बेटे दर्शप्रीत सिंह के साथ घर में घुसकर मारपीट की। मारपीट में दर्शप्रीत की एक बाजू टूट गई और लोहे की रॉड से वार करके सिर फोड़ दिया। रणजीत ने बताया कि हवलावर उन्हें जान से मारने की धमकियां देेते हुए फरार हो गए। रणजीत कौर ने इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज करवा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।