9वीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। सिटी की रहने वाली 9वीं कक्षा की छात्रा के साथ बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर में 9वीं कक्षा की छात्रा का शहर निवासी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी छात्रा के परिजनों ने युवक को इस बारे में कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं माना। फिलहाल छात्रा की परीक्षाएं चल रही थी। परीक्षा के बाद वह ट्यूशन पढ़ने घर से निकली थी। इसके बाद वापस नहीं लौटी। आरोप है कि छात्रा को कहीं ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। वीरवार रात करीब 11 बजे युवक छात्रा को अपने साथ लेकर महिला थाने पहुंचा। छात्रा युवक के साथ रहने की जिद्द पर अड़ी थी, लेकिन युवक उसे अब अपने साथ रखने के लिए तैयार नहीं था। वह छात्रा को महिला थाने छोड़कर फरार हो गया। मौके पर छात्रा के परिजनों को बुलाया गया, जिसके बाद युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। साथ ही छात्रा को सीडब्ल्यूसी के सुपुर्द कर दिया। सीडब्ल्यूसी ने छात्रा को काउंसिलिंग के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। फिलहाल आरोपी युवक पुलिस गिरफ्त से बाहर है।