शराब तस्करी के आरोप में कार सहित एक गिरफ्तार
जीरकपुर। पुलिस ने एक व्यक्ति को शराब की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपी की पहचान शुभम गोयल पुत्र प्रदीप गोयल निवासी मकान नंबर 192 लखी बाग, थाना पटेल नगर जिला देहरादून उत्तराखंड के रूप में हुई है। एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी की चंडीगढ़ से बड़ी मात्रा में शराब की खरीद की गई है, जिसको गांवों में से होते हुए देहरादून ले जाया जा रहा है। सूचना को आधार बनाते हुए हैड कांस्टेबल गुरमेल सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसके बाद शहर के अंदर दाखिल होने वाले रास्तों पर नाकाबंदी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हासिल हुई जब गाजीपुर सैनिया पुल के पास नाकेबंदी के दौरान एक कार को रोक कर चैकिंग की गई। पुलिस को उक्त कार की चैकिंग के दौरान केवल चंडीगढ़ में बिकने वाली शराब की 216 बोतलों और 240 अधिया बोतलें बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।