विदेश भेजने के नाम पर होशियापुर की महिला से लाखों की ठगी
- थाना फेज-11 की पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार पर दर्ज किया केस
- अभी तक आरोपी पकड़ से बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
परिवार समेत विदेश भेजने के नाम पर एक महिला से एक इमिग्रेशन कंपनी ने तीन लाख 60 हजार रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने सब्जी मंडी गढ़शंकर निवासी जसपाल कौर की शिकायत पर फेज-10 स्थित भारती एजुकेशन एंड इमिग्रेशन कंपनी के चार लोगों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों में पूजा महाजन, फिजा वर्मा, प्रभजोत और रवि शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों पर धारा 406, 420, 120बी व 24 इमिग्रेशन एक्ट के केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसने परिवार समेत विदेश जाने का फैसला लिया था। इसके लिए उन्होंने कंपनी का विज्ञापन देखकर आरोपियों से संपर्क किया। इस दौरान आरोपियों ने उसे विश्वास दिलाया कि वह उसे आसानी से विदेश भेज देंगे। इसके लिए उसने उन्हें तीन लाख 60 हजार रुपये दिए थे। महिला ने बताया कि आरोपियों ने उसे उस समय काफी विश्वास दिलाया कि उसका काम हो जाएगा। लेकिन बाद में जब उसने आरोपियों को रुपये दे दिए तो वह मुकर गए। आरोपियों ने उससे तीन लाख 60 हजार ले लिए थे। इसके बाद आरोपियों ने न तो उसे विदेश भेजा और न ही उसके पैसे वापस किए। वह लगातार आरोपियों के दफ्तर के चक्कर काटती रही। बाद में उसने इस संबंध में एसएसपी को शिकायत दी। इसके बाद मामले की जांच ईओ विंग को सौंपी गई। मामले की रिपोर्ट डीएसपी इंवेस्टिगेशन के पास पहुंची। साथ ही सारे मामले में कानूनी राय ली गई। इसके बाद आरोपियों पर केस दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।
अरब देशों में जाने से पहले यह ध्यान रखें
हाईकोर्ट के आदेश पर अब जिला प्रशासन ने जिले में रजिस्टर्ड इमिग्रेशन कंपनियों की सूची अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। साथ ही लोगों को हिदायत दी है कि वह पूरी तरह पड़ताल करने के बाद ही ऐसी कंपनियों के पास जाएं। इसके साथ ही मलयेशिया और अरब देशों में जाने से पहले लोगों को अच्छी तरह वहां पर रोजगार आदि पड़ताल करने को कहा है। प्रशासन ने लोगों को नसीहत दी है कि वह गलत लोगों के शिकार में फंसकर वहां जाकर अपना जीवन खराब न करें।