नयागांव/मोहाली। मुल्लांपुर में जमीन के नाम पर हुई धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने रिटायर्ड तहसीलदार, पटवारी, एक प्राइवेट बिल्डर के प्रबंधकों समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों में रियल एस्टेट के दो डायरेक्टर, बलजीत सिंह निवासी मोरिंडा, विपन जैन निवासी सोनीपत हरियाणा, हलका पटवारी बलजीत सिंह निवासी सिटी खरड़ व रिटायर्ड तहसीलदार तरसेम शर्मा निवासी संगरूर शामिल हैं। इस संबंध में शर्मिला देवी ने पुलिस को शिकायत दी गई थी जिसके संबंध में मुल्लांपुर थाने में केस दर्ज हुआ है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी मुल्लांपुर में प्राइम जमीन थी। इस दौरान एक प्राइवेट कंपनी ने अपना प्रोजेक्ट बसाना शुरू किया। इसी बीच पटवारी व तहसीलदार ने मिलीभगत कर उसकी दो मरले जमीन धोखे से कंपनी के नाम चढ़ा दी। कंपनी के नाम पर इंतकाल कर दिया गया। जब पीड़िता को इस बारे में पता चला तो उन्होंने उच्च अधिकारियों को शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एसएसपी को शिकायत दी। पुलिस ने पड़ताल की तो आरोप सही पाए गए। इसके बाद केस दर्ज किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। उनकी टीमें आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही हैं।