- नयागांव के वार्ड-20 में लंबे समय से चल रही पानी की स्मस्या नहीं हुई हल
- फोन करने पर भी फोन नहीं उठाते जेई, स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, उतरेंगे संघर्ष की राह पर
अमर उजाला ब्यूरो
नयागांव। वार्ड नंबर 20 आदर्श नगर, यहां एक सप्ताह से पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। यह हालात सीएम के पड़ोस में हैं। आदर्श नगर इलाके में हफ्ते भर से पानी की सप्लाई ठप है। पानी की यह स्मस्या वार्ड नंबर-20 में नई नहीं है। लगभग दो सालों से यह हालात बने हुए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके के लोग पानी की समस्या पिछले दो सालों से झेल रहे हैं। स्थानीय लोग पानी के टैंकर मंहगे दामों पर मंगवाते हैं। संबंधित विभाग को शिकायत देने के बाद कुछ दिनों तक पानी की सप्लाई ठीक रहती है, लेकिन उसके बाद फिर से स्थिति पहले जैसे हो जाती है।
जिक्रयोग है कि नयागांव में जल विभाग द्वारा पानी के नये ट्यूबवेल लगाने के बाद भी यहां की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। इस कारण नयागांव के इलाकों में पानी का आभाव झेलने को मजबूर हैं।
नयागांव वार्ड नंबर-20 के एमसी कृष्ण यादव और नवजोत राणा का कहना है कि पानी की समस्या संबंधी कई बार जेई सतपाल को फोन करते हैं, तो वह फोन नहीं उठाते। पानी के नये ट्यूबवेल लगने के बाद भी हम लोगों को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अगर हमारी परेशानियों को हल नहीं किया जाएगा तो बहुत जल्द प्रशासन के खिलाफ धरना देंगे। जरूरत पड़ी तो कोर्ट का दरवाजा भी खटकाएंगे।
एक्सइएन साहिल शर्मा का कहना है कि हमारे पास अभी तक पानी को लेकर कोई शिकायत नहीं आई है। अगर इस तरह की कोई शिकायत आई तो उस पर जरूर काम किया जाएगा।