शराब के नशे में साथियों ने किया प्रवासी मजदूर का कत्ल
रुपयों के लेनदेन को लेकर थी तकरारबाजी, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। किशनपुरा में लोहे का काम करने वाले 30 वर्षीय प्रवासी मजदूर का शराब के नशे में उसके ही 4 साथियों ने मिलकर चाकू से गला रेतकर कत्ल कर दिया। कत्ल की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को एक झुग्गी में रखकर फरार हो गए। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ठेकेदार सहित 4 लोगों के खिलाफ हत्या केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शिव शंकर निवासी गांव किशनपुरा ने शिकायत दी कि उसकी बुआ का बेटा मनोज निवासी गांव बासकट गोदारा, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार करीब डेढ़ महीने पहले काम करने के लिए किशनपुरा आया था। वह पेशे से सोफिया ठेकेदार के पास सरिया बांधने का काम करता था। शिकायत के अनुसार, मनोज का ठेकेदार सोफिया और उसके साथी गणेश के साथ रुपयों का लेनदेन था। वहीं, होली को लेकर ठेकेदार ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें मनोज भी शामिल था। रात करीब साढ़े 7 बजे फोन आया कि उसके भाई का कत्ल हो गया है जिसका शव किशनपुरा में एक झुग्गी में पड़ा है। सूचना पाकर शिव मौके पर पहुंचा तो उसके भाई का गला चाकू से रेता हुआ था। सूचना पुलिस अधिकारियों को दी, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। भाई शिव शंकर ने आरोप लगाया कि शराब के नशे में ठेकेदार सोफिया ने गणेश व 2 अन्य साथियों की मदद से उसके भाई का कत्ल किया है।
कोट्स
पुलिस को किशनपुरा की एक झुग्गी से शव मिला है जिसकी पहचान मनोज निवासी बिहार के रूप में हुई है। मृतक के भाई शिव शंकर के बयान पर ठेकेदार सोफिया, गणेश सहित कुल 4 लोगों खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया जाएगा।
-दलबीर सिंह भिंदर, एसएचओ, ढकोली पुलिस थाना।