फेसबुक पर की दोस्ती, दिल्ली की युवती को शहर बुलाकर किया दुष्कर्म
युवती का आरोप- शादी का झांसा देकर बुलाया था, होटल में शराब पिलाकर दिया वारदात को अंजाम
जुझार नगर के युवक पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। कुछ समय पहले दिल्ली की एक युवती की जुझार नगर के एक युवक से फेसबुक पर दोस्ती हुई जोकि बाद में प्यार में बदल गई। इसी बीच युवक ने युवती को शादी करने का झांसा देकर शहर बुला लिया और फेज-1 में एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने किसी तरह दिल्ली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में जीरो एफआईआर दर्ज करवाई, जिसके बाद केस को मोहाली भेजा गया। थाना फेज-1 में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्दी ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
युवती ने पुलिस को शिकायत दी कि गत वर्ष सोशल साइट फेसबुक के माध्यम से वह युवक के संपर्क में आए। इसी बीच दोनों की फेसबुक पर गहरी दोस्ती हो गई। फिर एक-दूसरे ने मोबाइल नंबर शेयर किए। रोजाना बातचीत होने लगी। इसी बीच एक दिन आरोपी ने उसे को शादी के लिए प्रपोज किया। वहीं, उसने शादी करने का झांसा देकर मोहाली बुला लिया। जब वह मोहाली पहुंची तो आरोपी उसे फेज-1 के एक होटल में ले गया। जहां उसने उसे बहला फुसलाकर शराब पिलाई और इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया और अपना मोबाइल नंबर तक बंद कर लिया।
पहले मटौर थाने में आया था इस तरह का मामला
इस तरह का मामला पहले भी सामने आ चुका है, जब एक पटियाला निवासी युवती ने आरोप लगाया था कि एक युवक की फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। आरोपी से मिलने के लिए वह शहर आई थी। इसके बाद आरोपी उसे सेक्टर-70 के एक होटल में ले गया था, जहां उसने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था।