ट्राई लेने के बहाने उड़ाई कार, चंडीगढ़ में पकड़ा
बलौंगी एरिया स्थित एक शोरूम की है घटना
बलौंगी पुलिस जल्द आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। कार खरीदने के बहाने एक व्यक्ति शोरूम में गया। ट्राई लेने के बहाने वह कार को शोरूम से लेकर निकला। इस दौरान कार में बैठकर आरोपी ने बहाना लगाया कि इंजन आवाज कर रहा है। जैसे ही शोरूम मुलाजिम कार चेक करने नीचे उतरा तो आरोपी कार को लेकर फरार हो गया। वह कई दिन तक गाड़ी लेकर इलाके में घूमता रहा। इसी बीच पता चला है कि चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने एक मोबाइल चोरी की जांच करते उसे दबोच लिया। वह कार पर चंडीगढ़ का नंबर लगाकर घूम रहा था। आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह निवासी गुरदासपुर के रूप में हुई है। वह बलौंगी में रह रहा था। उसने इस बात को कबूल लिया था। हालांकि बलौंगी पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर 420 व 379 बी आईपीसी के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में गुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि वह पार्टनरशिप में गाड़ियों का काम करते हैं। 19 अगस्त को उसका पार्टनर किसी काम के सिलसिले में बाहर गया था। वह अपने दफ्तर पर मौजूद थे। दोपहर करीब पौने दो बजे एक व्यक्ति आया। उसका कहना था कि वह कार खरीदने की योजना बना रहे है। वह टोयोटा लीवा या ईटीओज खरीदना चाहता है। अगर गाड़ी है तो चेक करवा दे। इसके बाद उन्होंने स्टाफ को दफ्तर में छोड़कर उसे टोयोटा लीवा कार दिखाई। उसने ट्राई की बात कही। वह उसे लेकर एयरपोर्ट रोड से होते हुए गोपाल स्वीट्स के सामने पहुंच गया। इस दौरान आरोपी का कहना था कि उनकी कार का इंजन आवाज कर रहा है। जैसे ही वह कार का इंजन देखने के लिए नीचे उतरे, इसी बीच आरोपी कार लेकर फरार हो गया था।