प्रबंधकीय कांप्लेक्स में नोटरी वाले की फोटो स्टेट मशीन चोरी
दुकान मालिक ने पुलिस को दी शिकायत, एक दुकान के नहीं टूट पाए ताले
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
सेक्टर-76 स्थित जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में फोटो स्टेट और नोटरी का काम करने वाले की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर ताले तोड़कर उसकी मशीन ले गए हैं। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। इस बारे में उपकार सिंह ने बताया कि वह आठ साल से फोटोस्टेट का काम कर रहे हैं। पहले वह फेज-1 में काम करते थे। डेढ़ साल से सेक्टर-76 में काम कर रहे हैं। वह शुक्रवार शाम साढे़ पांच बजे अपनी दुकान बंद कर चले गए थे। शनिवार सुबह जब आए तो देखा लोहे के बॉक्स के ताले टूटे पड़े थे। उन्होंने जब उसे खोलकर देखा तो उसमें रखी फोटोस्टेट मशीन गायब थी। उन्होंने बताया कि नवंबर 2017 में ही 40 हजार की मशीन खरीदी थी। उपकार ने कहा कि चोरों ने एक अन्य दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की, मगर ताला नहीं टूटा। इससे वहां पड़ा सामान चोरी होने से बच गया। जिला प्रंबधकीय कांप्लेक्स मे सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। मगर जिस जगह चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है, वहां पर कैमरे नहीं हैं। कोर्ट के दरवाजे के साथ ही आने जाने के लिए एक रास्ता बनाया क्योंकि कोर्ट में कुछ काम चल रहा है। इससे लगता है कि चोर वहीं से आए और चोरी कर वहीं से गए। जिक्रयोग है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले प्रबंधकीय कांप्लेक्स में लगे टॉयलेट से नल खोलकर चोर ले गए हैं। इस संबंध में सोहाना थाने में केस भी दर्ज है।