जीरकपुर में जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर पंचानंद गिरी के आश्रम के पास दिखे संदिग्ध
- श्री हिन्दू तख़्त ने दी जीरकपुर पुलिस को शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। श्री काली माता मंदिर एवं कामाख्या देवी असम के पीठाधीश्वर एवं श्री हिन्दू तख्त के धर्माधीश जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर जगतगुरु पंचानंद गिरी के जीरकपुर के ढकोली स्थित आश्रम के पास संदिग्ध दिखाई दिए जिसके बाद इसकी शिकायत व सीसीटीवी फुटेज पंजाब के डीजीपी व जीरकपुर पुलिस को भेजी गई। वहीं एक डीडीआर भी जीरकपुर पुलिस ने दर्ज की है। बता दें अपने खालिस्तानी विरोधी बयानों के कारण पंचानंद गिरी आतंकियों के निशाने पर हैं। श्री हिन्दू तख्त के राष्ट्रीय प्रचारक वीरेश शांडिल्य ने जगतगुरु पंचानंद गिरी के आश्रम के नजदीक संदिग्ध दिखने के बाद कहा कि गिरी की रेकी की जा रही है और रेकी कर आतंकी मौका लगते ही पंचानंद गिरी पर आतंकी हमला कर सकते हैं। उन्होंने कहा इससे पहले श्री काली माता मंदिर के नजदीक भी पंचानंद गिरी के आने से कुछ मिनट पहले संदिग्ध व्यक्ति देखे गए थे। शांडिल्य ने कहा कि समय रहते गिरी की सुरक्षा बढ़ाई जाए व उन्हें जेड प्लस सुरक्षा दस्ता दिया जाए ताकि आतंकी अपने मंसूबों में कामयाब न हो सकें। शांडिल्य ने कहा पंचानंद गिरी की सुरक्षा के लिए जल्द श्री हिन्दू तख्त पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से मिलेगा और मांग करेगा कि हिंदू नेताओं और धर्मगुरुओं की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए और उन्हें आतंकियों का निशाना बनने से बचाया जाए। ढकोली पुलिस थाना के एसएचओ अमृतपाल सिंह ने बताया कि पंच गिरी महाराज की ओर से शिकायत दी गई है कि कोई संदिग्ध कार उनके आवास के आसपास घूम रही है जिसकी जांच की जा रही है।