जीरकपुर : नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार
- पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया छह दिनों की मिली पुलिस रिमांड
- दो की गिरफ्तारी के लिए में कुरुक्षेत्र पहुंची पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो।
जीरकपुर।
ढ़कोली पुलिस की ओर से बीते दिनों गो एयर इंडिया एयरलाइंस में नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में नामजद पांच आरोपियों में तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनको पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से पुलिस को छह दिन की रिमांड मिली। वहीं, पुलिस ने रिमांड के दौरान हुई पूछताछ के बाद बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में छापेमारी में जुटी हैं।
एएसआई गुलशन कुमार ने बताया कि तरुण मग्गू निवासी अमृतसर की शिकायत पर पुलिस ने मनोज निवासी दिल्ली, सिमरन और सुरजेश, निवासी वेस्ट बंगाल, रोहित कुमार, कुरुक्षेत्र अर्जुन कटारिया के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। एएसआई ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने छापेमारी के दौरान मनोज, सिमरन और सुरजेश को तो ढ़कोली में नाकाबंदी कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि रोहित कुमार और अर्जुन कटारिया का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें कुरुक्षेत्र में छापेमारी कर रही है। अभी तक रोहित और अर्जुन का कोई सुराग नहीं मिला है। गुलशन कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को अदालत ने छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, पूछताछ के दौरान अभी तक यह सामने आया कि शिकायतकर्ता की लाखों रुपये की रकम रोहित और अर्जुन के पास हैं।
गौरतलब है कि ढ़कोली के गुरजीवन विहार में नौजवानों ने मिलकर एक दफ्तर खोला था और जिसके माध्यम से वह लोगों को अलग-अलग कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। इस मामले का खुलासा अमृतसर के रहने वाले तरुण मग्गू की ओर से दी गई लिखित शिकायत के बाद हुआ।