शिकायत का निपटारा करने गए हवलदार को पीटा, वदी फाड़ी
गांव नगला का है मामला, दो महिलाओं समेत 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। गांव नगला में शिकायत का निपटारा करने गए हवलदार से लोगों की कहासुनी हो गई। लोगों ने हवलदार को पकड़कर उसकी पिटाई की और वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने दो महिलाओं समेत 6 लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
जांच अधिकारी एएसआई बिक्रम सिंह ने बताया कि जसविंदर कौर ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके गांव में रहने वाले प्रवासी के साथ घर की दीवार बनाने को लेकर झगड़ा चल रहा है। शिकायत का निपटारा करने के लिए हवलदार ओंकार सिंह शुक्रवार को मौके पर पहुंचा, जिसकी मामले को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से बहसबाजी हो गई और कुछ देर बाद एक व्यक्ति ने ओंकार सिंह पर डंडे से हमला कर दिया। डंडा हवलदार के सिर में लगा, जिसने अपना बचाव करना शुरू किया तो लोगों ने मिलकर हाथापाई करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जिसने ओंकार सिंह को अस्पताल पहुंचाया और जांच शुरू की। एएसआई बिक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने हवलदार ओंकार सिंह की शिकायत पर गुरबचन सिंह, जरनैल सिंह, हरविंदर सिंह, सुखबीर सिंह उर्फ सुक्खा, सुखवंत कौर और परमजीत कौर के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।