जीरकपुर। बलटाना में सोमवार तड़के एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी कार को लेकर दुकानदार की कनपटी पर पिस्टल तान दी, लेकिन आरोपी शराब के नशे में होने के कारण पिस्टल हाथ से छूटकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद आरोपी पिस्टल उठाकर कार समेत फरार हो गया। दुकानदार ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी को दोपहर बाद बलटाना से हिरासत में ले लिया।
दविंदर कुमार निवासी हरमिलाप नगर ने बताया कि उसकी मार्केट में प्रिया डेयरी के नाम से दुकान है। सोमवार सुबह करीब चार बजे दूध की गाड़ी सामान उतारने के लिए रुकी और इसी दौरान अजय खुराना निवासी हरमिलाप नगर अपनी स्कॉर्पियो कार निकालने की कोशिश करने लगा, परंतु जगह नहीं मिलने के कारण नहीं निकल पाया। तैश में आकर अजय दविंदर से बहस करने लगा और देखते ही देखते दुकानदार की कनपटी पर पिस्टल तान दी। शिकायतकर्ता के अनुसार अजय ने शराब पी हुई थी जिस कारण पिस्टल उसके हाथ से छूट गई।
बलटाना पुलिस चौकी इंचार्ज भिंदर सिंह ने बताया कि दविंदर की शिकायत पर अजय को राउंडअप कर लिया है, जबकि उसके कब्जे से बरामद हुई पिस्टल एक खिलौना है, जिसके चलते मामले की जांच अभी जारी है। खबर लिखे जाने तक केस दर्ज नहीं किया गया था।