कालका चौक के पास एक पीआरटीसी बस चालक ने वारदात को दिया अंजाम, पुलिस कर रही तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। कालका चौक के पास एक पीआरटीसी बस चालक ने कार को टक्कर मारने के बाद दंपती से लोहे की रॉड से मारपीट की। इस हमले में महिला का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंडीगढ़ निवासी परमजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि 14 अगस्त की शाम वह पत्नी मनदीप कौर के साथ बठिंडा जा रहे थे। कालका चौक पर पीआरटीसी बस ने उनकी महिंद्रा एक्सयूवी-300 कार को टक्कर मार दी। परमजीत का आरोप है कि बस चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। पटियाला चौक पर बस रुकने पर परमजीत चालक से बात करने पहुंचे। आरोप है कि चालक ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद चालक ने बस से लोहे की रॉड निकाली। उसने परमजीत के दाहिने कंधे पर वार किया और सिर पर हमला करने का प्रयास किया। मनदीप कौर बीच-बचाव करने पहुंची। चालक ने उनके कंधे और हाथ पर भी रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में मनदीप कौर के हाथ की हड्डी फ्रैक्चर हो गई। शोर सुनकर राहगीरों ने बीच-बचाव कर दंपती को बचाया। चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। घायल दंपती को पहले डेरा बस्सी सिविल अस्पताल ले जाया गया, फिर ढकोली सिविल अस्पताल भेजा गया। जांच अधिकारी एएसआई परमप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और बयान के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।