मोहाली। नगर निगम कमिश्नर कमल कुमार गर्ग ने बुधवार को लोगों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का पाठ पढ़ाने की पहल की है। इसको लेकर उन्होंने सेक्टर-70 के लोगों से मीटिंग कर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के बारे में जानकारी दी। इसी दौरान यहां मौजूद लोगोें ने कमिश्नर को अपनी-अपनी समस्याएं भी बतानी शुरू कर दी। लोगों ने गंदगी और आवारा कुत्तों के आतंक को प्रमुखता से उठाया। इस पर कमिश्नर ने लोगों को उनकी सभी समस्याएं दूर करने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर पार्षद सुखदेव सिंह पटवारी ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का निपटारा सही तरीके से किया जाना चाहिए। जिससे धरती पर पर्यावरण, वातावरण और पानी को खराब होने से बचाया जा सके। उन्होंने कमिश्नर से कहा कि गांव मटौर में एमआईजी सुपर मकानों के बीच में गमाडा की खाली पड़ी जगह पर गंदगी फैली हुई है और वहां पशु खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि यहां पेड़ों की प्रूनिंग की समस्या भी है। हर रोज बंद पड़े सीवरेज के चलते पार्क नंबर-32 के शोरूम के पास ओवरफ्लो की समस्या आती है। इसी तरह रमेश अग्रवाल ने गलियों में गैर कानूनी तरीके से पिक एंड चूज पॉलिसी के तहत छोड़े गए कब्जे, दर्शन सिंह महिमी और दिलीप सिंह ने पेड़ों की प्रूनिंग, सुरमुख सिंह ने सीवेरज विभाग का मलबा उठाने, बलविंदर सिंह बल्ली ने आवारा पशु, शोभा गौर्या, नरिंदर कौर, सुखविंदर कौर और नीलम चोपड़ा ने लावारिस कुत्तों, सड़कों पर लगती रेहड़ियों का मुद्दा उठाया।
इस मौके पर उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी और उन्हें समझाया कि सॉलिड वेस्ट के सही निपटारे के लिए गीले और सूखे कूड़े को अलग रखें। इस अवसर परएसोसिएशन के प्रधान आरपी कंबोज, अजीत सिंह मठाडू, आरपी लखनपाल, आरके गुप्ता, शोभा गोरिया, नरिंदर कौर, नीलम चोपड़ा, कारपोरेशन के एसई अश्वनी कुमार, सचिव कंदील कुमार, एसडीओ कमलदीप सिंह समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे।